
महराजगंज । उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की वरिष्ठता सूची में पाई जा रही विसंगतियों को दूर कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिलाध्यक्ष ऋषिकेश गुप्त के नेतृत्व में सौंपा गया।
इस अवसर पर जिलामंत्री पवन कुमार शुक्ल ने बताया कि कार्यालय द्वारा जारी वर्तमान वरिष्ठता सूची शासनादेश के अनुरूप नहीं है, जिसमें अनेक त्रुटियां एवं विसंगतियां सामने आई हैं। ऐसी स्थिति में संबंधित शिक्षकों के हित प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए सूची का पुनः परीक्षण कर शासनादेश के अनुसार संशोधन किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन प्राप्त करते हुए बीएसए महोदया ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
ज्ञापन कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राकेश अग्रहरि व डॉ. गिरींद्र नाथ मिश्र, जिला संयुक्त महामंत्री महेंद्र चौहान, जिला मंत्री अभय कुमार दूबे, आनंद पाल गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष पनियरा संजय मौर्य, प्रद्युम्न कुमार सिंह, आनंद कुमार सिंह, रामनयन, बृजेश यादव, श्रीमती निर्मला गिरी सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
विक्की कुमार
