महराजगंज । विकासखंड मिठौरा क्षेत्र में रविवार को मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने उप नगर मिठौरा, सिंदुरिया एवं कंचनपुर स्थित देवरिया ब्रांच की शाखा नारायणी नहर पुल के पास बने घाटों पर आस्था की डुबकी लगाई। रविवार की भोर से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
माघ मास की अमावस्या को मौनी अमावस्या कहा जाता है। मान्यताओं के अनुसार यह पर्व महायोग पर आधारित माना जाता है और इस दिन पवित्र स्नान से पापों का नाश होता है। इसी विश्वास के साथ सैकड़ों श्रद्धालु तड़के ही घाटों पर पहुंचे और विधि-विधान से स्नान किया।
स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की तथा दान-पुण्य किया। कई श्रद्धालुओं ने गौदान भी किया। पूरे क्षेत्र में धार्मिक श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा।
विक्की कुमार



