उत्तर प्रदेश
Trending

मनरेगा में धांधली की शिकायत, क्षतिग्रस्त सीसी रोड की जांच को पहुंची टीम ।

महराजगंज । परतावल ब्लॉक के ग्राम सभा कुसुम्हा में मनरेगा योजना के तहत निर्मित सीसी रोड में भारी अनियमितता की शिकायत पर बुधवार को जांच टीम मौके पर पहुंची। प्राथमिक विद्यालय से गोधन के घर तक बनी यह सड़क निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही पूरी तरह क्षतिग्रस्त पाई गई, जिसे देखकर जांच टीम ने गहरी नाराजगी जाहिर की। जांच के दौरान सड़क की ऊपरी सतह उखड़ी हुई मिली, गिट्टियां बाहर निकल आई थीं और सड़क के किनारे बनी सुरक्षा दीवार भी जगह-जगह से टूटी हुई पाई गई। इससे स्पष्ट होता है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की घोर अनदेखी की गई है।
मौके पर मौजूद एपीओ मनरेगा दिलीप कुमार गौतम ने संबंधित जिम्मेदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सड़क की मरम्मत कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समयसीमा में मरम्मत नहीं कराई गई तो संबंधित भुगतान रोक दिया जाएगा और कार्य को शून्य घोषित कर दिया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया, जिसकी वजह से नई सड़क कुछ ही समय में जर्जर हो गई। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना में इस प्रकार की अनियमितता सामने आने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
.site-below-footer-wrap[data-section="section-below-footer-builder"] { margin-bottom: 40px;}