
महराजगंज । डीएबी नारंग इंटरमीडिएट कॉलेज, घुघली के खेल मैदान में पीपीगंज–झारखंड के बीच आयोजित ऑल इंडिया फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बड़े ही उत्साह और जोश के साथ खेला गया। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीपक सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह उपस्थित रहे। नगर अध्यक्ष संतोष जायसवाल , भरत शुक्ला सहित कई गणमान्य लोगों ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई। अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण एवं बैज लगाकर किया गया। अपने ओजस्वी संबोधन में मुख्य अतिथि दीपक सिंह ने कहा,
“जली को आग कहते हैं, बुझी को राख कहते हैं। जो लाल किले पर बहुत जल्द झंडा फहराएंगे, उन्हें पूज्य महाराज कहते हैं।” उनके प्रेरणादायी और जोशीले भाषण को सुनकर पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। वहीं विशिष्ट अतिथि काशीनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि फुटबॉल साहस, धैर्य और अनुशासन का खेल है, जिसे खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन मैच में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। दोनों टीमें बराबरी पर रही अंत में सीधे गोल के माध्यम से झारखंड ने एक गोल से विजय हासिल किया । आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया गया। इस प्रतियोगिता से क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे ।


