धनहा नायक क्षेत्र में पुल के नीचे मिला युवक का शव, परिजनों में मचा कोहराम
महराजगंज श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के धनहा नायक इलाके में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुल के नीचे एक युवक का शव मिला। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगई टोला ढोढ़ई निवासी हरिनारायण 30 पुत्र रामसुंदर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शव धनहा नायक पेट्रोल पंप से लगभग 100 मीटर की दूरी पर पुल के नीचे मिला। परिजनों ने बताया कि हरिनारायण को शराब पीने की आदत थी। सोमवार शाम घर में पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह रात करीब 12 बजे घर से बाहर निकल गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा दो पुत्र—नीलेश 12 वर्ष और हृदेश 8 वर्ष को छोड़ गया है। इस संबंध में थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
( आनन्द पाण्डेय)



