दो सफाईकर्मी तैनात, फिर भी गांव में गंदगी का अंबार बड़गो ग्राम पंचायत की सफाई व्यवस्था ठप ।

महराजगंज । बृजमनगंज ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़गो में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। बड़े ग्राम पंचायत में मात्र दो सफाईकर्मियों की तैनाती है, जिनमें से एक के नियमित रूप से गांव न आने की चर्चा आम है। इसका नतीजा यह है कि गांव की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में एडीओ पंचायत गुलाब पाठक ने बताया कि मामला संज्ञान में है और रोस्टर के माध्यम से जल्द पूरे गांव की सफाई व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।
( सुनील पाण्डेय)



