
महराजगंज । जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा मंगलवार को संविधान निर्मात्री सभा के सदस्य प्रो. शिब्बन लाल सक्सेना की कर्मभूमि जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज से मतदाता पंजीकरण अभियान 2026 का शुभारंभ किया गया।
जिलाधिकारी ने युवा छात्र–छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा आज संविधान निर्मात्री सभा के विद्वान सदस्य प्रो. शिब्बन लाल सक्सेना की कर्मभूमि से मतदाता पंजीकरण अभियान की शुरुआत करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है। लोकतंत्र में मतदान एक ऐसा अधिकार है जो भारत के प्रत्येक नागरिक को समान रूप से हासिल है और यही वह अधिकार जो देश की नीति और दिशा को तैयार करने वाली सरकार को चुनता है। जिलाधिकारी ने एसआईआर अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए 18 वर्ष की आयु पूरा कर चुके युवाओं को मतदाता बनने हेतु प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि 06 जनवरी 2026 से 06 फरवरी 2026 तक ड्राफ्ट रोल के संदर्भ में दावे और आपत्तियां का निस्तारण किया जाएगा। जिला प्रशासन का प्रयास एक स्वच्छ और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है, ताकि कोई भी अर्ह मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न होने पाए और अनर्ह मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने छात्र–छात्राओं से कहा कि बूथ पर प्रकाशित ड्राफ्ट रोल के संदर्भ में अपने परिवार और आस–पास के लोगों को अवगत कराने और निर्धारित समय में दावे व आपत्ति करने हेतु जागरूक करें, ताकि निर्धारित समयसीमा में किसी प्रकार की संभावित त्रुटि को सुधारा जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि एक स्वच्छ और पारदर्शी मतदाता सूची स्वस्थ लोकतंत्र की नींव है, जिसके लिए एसआईआर किया गया। अब यह प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है और जनसहयोग के माध्यम से ही इसको सफल किया जा सकता है। अपर जिलाधिकारी डॉ प्रशांत कुमार ने कहा कि जनपद में एसआईआर प्रक्रिया सफलतापूर्वक संचालित हुई है। कहा कि वयस्क मताधिकार संविधान की महत्वपूर्ण विशेषता है। इससे पूर्व प्राचार्य डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और देवी सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम का संचालन नायब तहसीलदार देश दीपक तिवारी ने किया। इस दौरान एसडीएम नन्द प्रकाश मौर्या, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा, तहसीलदार सदर पंकज शाही, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में छात्र–छात्रा उपस्थित रहे।



