खिचड़ी मेला ड्यूटी के दौरान थाना चौक क्षेत्र में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन ।
महराजगंज । चौक थाना क्षेत्र के अंतर्गत खिचड़ी मेला ड्यूटी के दौरान साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने अपनी टीम के साथ किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति आमजन को सतर्क करना तथा उनसे सुरक्षित रहने के प्रभावी उपायों की जानकारी देना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी व लिंक फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी केवाईसी अपडेट, ऑनलाइन खरीदारी में होने वाली धोखाधड़ी जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साइबर थाना प्रभारी द्वारा बताया गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें तथा अपनी व्यक्तिगत व बैंक संबंधी जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल सहायता के लिए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। लोगों को बताया गया कि समय पर शिकायत दर्ज कराने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
इसके अलावा आमजन को नए कानूनों की जानकारी देते हुए साइबर अपराधों से संबंधित कड़े प्रावधानों एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के बारे में भी अवगत कराया गया। लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। इस साइबर जागरूकता कार्यक्रम की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की तथा भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
विक्की कुमार
