कार्यकर्ताओं की ताकत से ही संगठन खड़ा है, राष्ट्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरूंगा: पंकज चौधरी ।

महराजगंज। नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है और संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं के समर्पण पर ही टिकी है। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बल पर ही वे आज इस जिम्मेदारी तक पहुंचे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “मैं एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में राजनीति में आया। सभासद से लेकर डिप्टी मेयर और अब प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर कार्यकर्ताओं के सहयोग और आशीर्वाद से ही संभव हो पाया है।” उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की कद्र करना और उनके साथ रिश्ते निभाना उनकी राजनीतिक कार्यशैली का मूल आधार है।
राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा देश के सबसे बड़े प्रदेश की संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपे जाने पर आभार व्यक्त करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय नेतृत्व और शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने एक जमीनी कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि वे राष्ट्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को और मजबूत करना, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सशक्त करना और हर कार्यकर्ता को सम्मान देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। यह पद किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि संगठन और कार्यकर्ताओं का है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के बदले हुए परिदृश्य पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने कानून व्यवस्था, विकास और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। आज उत्तर प्रदेश देश के लिए उदाहरण बन चुका है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पार्टी के कार्यों में जुटें। आगामी चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत से पार्टी को और मजबूती मिलेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि वे संगठनात्मक कार्यों में संवाद और समन्वय को प्राथमिकता देंगे, ताकि हर कार्यकर्ता खुद को संगठन का अभिन्न हिस्सा महसूस करे।



