
महराजगंज । सदर ब्लॉक के ग्राम सभा कटहरा के दो युवाओं ने एसएससी जीडी परीक्षा में सफलता हासिल कर सीआईएसएफ एवं सीआरपीएफ जैसे प्रतिष्ठित अर्द्धसैनिक बलों में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुक्रवार की शाम परीक्षा परिणाम घोषित होते ही सफल अभ्यर्थियों के घरों में खुशियों की लहर दौड़ गई। परिजनों व ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया।
सीआईएसएफ में चयनित चंद्रकांत चौहान के पिता विनोद चौहान शिक्षामित्र हैं, जबकि सीआरपीएफ में चयनित विवेक कुमार के पिता विश्वनाथ प्रसाद किसान हैं। दोनों ही अभ्यर्थी मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते हैं। सफल युवाओं ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, परिजनों एवं गुरुजनों को दिया है।
रविवार को ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मिथिलेश सिंह की अध्यक्षता में चयनित युवाओं को उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मिथिलेश सिंह ने कहा कि लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से ही सफलता प्राप्त होती है। चयनित युवाओं ने इसे साबित कर दिखाया है।
सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने कहा कि यह सफलता केवल युवाओं और उनके परिवारों की ही नहीं, बल्कि पूरे कटहरा गांव के लिए गौरव की बात है। वहीं दिग्विजय सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य युवाओं को भी देश सेवा के लिए प्रेरित करेगी।
इस मौके पर ग्राम प्रधान रामबचन साहनी, बृजेश सिंह, कमालुद्दीन, शैलेश गौतम, ऐनुद्दीन, मौलाना इसराइल, सब्बीर अली, ज्ञानप्रकाश राय, जगतनारायण, राहुल साहनी, मनोज गौतम, अलाउद्दीन, राहुल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



