
महराजगंज। थाना श्यामदेउरवां पुलिस ने पैसा लेकर ऑनलाइन गेमिंग जुआ खिलाने व उसका आयोजन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। परतावल स्थित बंधन मैरेज हाल में सोशल मीडिया के माध्यम से बिना अनुमति ऑनलाइन जुए का आयोजन किए जाने की सूचना पर पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान आयोजक हर्ष पटवा एवं दीपांश पटवा को हिरासत में लिया गया। मौके से एक चार पहिया वाहन अर्टिगा भी बरामद की गई। विधिक प्रक्रिया के तहत बंधन मैरेज हाल को सीज कर दिया गया है तथा दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस अवैध गतिविधि से क्षेत्र के युवक ऑनलाइन जुए की ओर आकर्षित हो रहे थे, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त था। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ एवं ऑनलाइन सट्टेबाजी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।



