
महराजगंज । बृजमनगंज क्षेत्र के ग्रामसभा फुलमनहां स्थित अंबेडकर पार्क में अंबेडकर जनकल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय बौद्ध धम्म जागरण का शुभारम्भ सोमवार को हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा के पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह के भतीजे प्रदीप सिंह ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। धम्म जागरण के प्रथम दिन कथा वाचिका संघप्रिया बौद्ध ने अपने ओजस्वी एवं भावपूर्ण धम्म प्रवचन से श्रद्धालुओं को बौद्ध धम्म के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया। उन्होंने भगवान बुद्ध के करुणा, मैत्री, समता और अहिंसा के संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बौद्ध धम्म मानव को विवेक, शांति और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाता है। उनके प्रवचन को सुनकर पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुद्ध अनुयायी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख उदय राज, हरिश्चंद्र सोनकर, अशोक पटवा, जयसिंह, अमित पासवान, दिलीप कुमार बौद्ध, जेपी गौड़, बबलू चौरसिया, जितेन्द्र शर्मा, रामू बौद्ध, अनील कुमार, सिकन्दर यादव, दिलीप चौधरी, परमेश्वर सहित समिति के पदाधिकारी एवं ग्रामसभा के गणमान्य लोग मौजूद रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।



