पुरानी रंजिश में राइस मिल पर हमला, गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी ।
महराजगंज । घुघली थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 निवासी अशोक कुमार सुल्तानिया पुत्र स्वर्गीय मोहनलाल सुल्तानिया ने सिंदुरिया थाने में तहरीर देकर राइस मिल परिसर में मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार वह वर्तमान में कंचनपुर चौराहा, थाना सिंदुरिया, जनपद महराजगंज में स्थित वैभव लक्ष्मी सारटैक्स प्रा. लि. राइस मिल का संचालन करता है और मिल परिसर में ही निवास करता है।
पीड़ित ने बताया कि मिल के उत्तर दिशा में स्थित एक किराने की दुकान का संचालन शिव कसौधन द्वारा किया जाता है। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर 12 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1:30 बजे शिव कसौधन, उसकी पत्नी तथा उसके दोनों पुत्र अनुज कसौधन और अरुण कसौधन एकजुट होकर मिल पर चढ़ आए। आरोपियों ने मिल के गेट के अंदर घुसकर पीड़ित के पुत्र यश सुल्तानिया के साथ मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां दीं। विरोध करने पर चारों ने मिलकर यश सुल्तानिया के साथ मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने गला काटकर जान से मारने तथा 100 लोगों को इकट्ठा कर मिल को फूंक देने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी और थाने में लिखित तहरीर सौंपी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।


