
महराजगंज । कोल्हुई कस्बा कोल्हुई इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है। सुबह से लेकर देर शाम तक मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहती हैं। सड़क के किनारे लगने वाली अव्यवस्थित दुकानों और तेज रफ्तार वाहनों के कारण स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। सबसे चिंता की बात यह है कि जाम से लोग घंटों परेशान हो जाते हैं । लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में बिना नियम के खड़े चारपहिया और ई-रिक्शा सबसे ज्यादा जाम का कारण बनते हैं। सड़क किनारे सब्जी, फल और अन्य खोमचे वालों के अतिक्रमण से सड़कें ज्यादा संकरी हो गई हैं। स्थिति यह है कि ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल के छात्र और आम राहगीर रोजाना जाम में फंसकर अपना कीमती समय गंवा रहे हैं। राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें अचानक जाम लगने से कई बार एंबुलेंस तक फंस जाती है, जिससे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भी दिक्कतें आती हैं। बाइक सवारों को घंटों खड़े रहना पड़ता है। वहीं पैदल चलने वाले लोग वाहनों के बीच अपनी जान जोखिम में डालकर रास्ता बनाते हैं ।
जिम्मेदारों की चुप्पी पर सवाल
उपनगर वासियों ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद भी व्यवस्था पटरी पर नही पहुंच रही है । न ही अतिक्रमणकारियों को हटाने की कार्रवाई लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर प्रशासन और पुलिस इस समस्या को गंभीरता से क्यो नही ले रही है । अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए तो कोल्हुई में जाम की समस्या और विकराल हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि कस्बे की यातायात व्यवस्था पटरी पर लौट सके।



