एनसीडी स्क्रीनिंग में मरीजों का मोबाइल नंबर भी दर्ज करें स्टाफ नर्स- डिप्टी सीएमओ ।

महराजगंज । डिप्टी सीएमओ डॉ वीर विक्रम सिंह ने रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का जायजा लिया। इस दौरान स्टाफ नर्सों द्वारा की गयी एनसीडी स्क्रीनिंग में मरीजों का मोबाइल नंबर न दर्ज किए जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि एनसीडी स्क्रीनिंग के दौरान सभी मरीजों का मोबाइल नंबर भी रजिस्टर में दर्ज किया जाए ताकि फालोअप करने में सहूलियत मिल सके। डिप्टी सीएमओ डॉ सिंह करीब 12 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरपुर महंत पहुंचे। जहां सभी स्वास्थ्य कर्मी मौजूद मिले। आयुष चिकित्सक सोनी सिंह मरीजों का इलाज करती मिली। उक्त अवधि तक 21 मरीज उपचार करा चुके थे। इसके बाद वह करीब एक बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर देउरवा पहुंचे। यहां भी सभी मेले में लगाए गए सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। उक्त अवधि तक डॉ आदित्य पांडेय द्वारा 20 मरीजों का इलाज किया जा चुका था। अंत में जब डिप्टी सीएमओ करीब पौने दो बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृत पिपरा पहुंचे तो वहां भी सभी कर्मी मौजूद रहे। यहां पर भी आयुष चिकित्सक डॉ मनोज से 48 मरीज इलाज करा चुके थे।
डिप्टी सीएमओ ने बताया कि जब तीनों पीएचसी पर स्टाफ नर्स द्वारा की गयी एनसीडी स्क्रीनिंग की समीक्षा की गयी तो किसी ने मरीजों का मोबाइल नंबर दर्ज नहीं किया था। जिस पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए हर हाल में सभी मरीजों का मोबाइल नंबर रजिस्टर पर दर्ज करने की हिदायत दी।
उन्होंने बताया कि मरीजों का मोबाइल नंबर होने से उनका फालोअप करने में सहूलियत होती है। उन्होंने यह कहा कि मानसिक रोगियों को टोल फ्री नंबर 14416 पर काल करके सलाह लेने के लिए प्रेरित करें।
