बागापार टोला पिपरा में पेड़ गिरने से बड़ा हादसा टला, बिजली आपूर्ति बाधित ।
महराजगंज शनिवार को सुबह से हो रही लगातार मूसलधार बारिश के कारण कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बागापार टोला पिपरा में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुख्य मार्ग पर दोपहर समय करीब 11,00 बजे अचानक एक विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ गिर गया, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। पेड़ गिरने के साथ ही बिजली के तार भी टूटकर जमीन पर गिर गए, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय अगर राहगीर उस मार्ग पर मौजूद होते, तो एक गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। गनीमत रही कि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित हैं। राहगीर घूम कर दूसरे रास्ते से आने जाने को मजबूर है।
इस घटना से न केवल यातायात प्रभावित हुआ है, बल्कि लोगों को अंधेरे और असुविधा का भी सामना करना पड़ रहा है। गांव में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है।
स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग को सूचना दे दी गई है। राहत कार्य शुरू किए जा रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही मार्ग को साफ कर दिया जाएगा और बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।


