
महराजगंज । पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने दिन मंगलवार को बरगदवा थाना परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मिशन शक्ति अभियान इसी दिशा में एक सशक्त पहल है, जिसके माध्यम से महिलाओं को न केवल सुरक्षा बल्कि उनके अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने में बनाए गए केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि केंद्र पर महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 समेत विभिन्न उपयोगी नंबरों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आने वाली पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता और कानूनी मदद उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र पर महिलाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। उन्होंने थाने की महिला बीट पुलिस और नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएं और केंद्र की उपयोगिता के बारे में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नौतनवा अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष बरगदवा योगेंद्र कुमार, एसआई राघवेंद्र सिंह, विवेक सिंह, शिवम राय ,महिला कांस्टेबल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
