महराजगंज । बृजमनगंज के ग्राम सभा मिश्रौलिया में स्ट्रीट लाइट की समस्या गंभीर बनी हुई है। भाजपा नेता विष्णु यादव ने बुधवार को इस मामले में पंचायत सहायक विकास अधिकारी गुलाब पाठक को ज्ञापन सौंपा। ग्राम पंचायत निधि से एक साल पहले गांव के विभिन्न टोलों में स्ट्रीट लाइट लगाई गई थी। मोहनगढ़, दीनापुर, लखनपुर, औरइपुर और शंकरपुर टोलों में लगी ये लाइटें पिछले 8 महीने से खराब पड़ी हैं। ग्रामीणों ने कई बार ग्राम प्रधान से इस समस्या की शिकायत की। लेकिन प्रधान ने खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत नहीं कराई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
भाजपा नेता ने ज्ञापन में गांव के सभी टोलों पर 25 नई स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग भी रखी है। साथ ही मौजूदा खराब लाइटों की मरम्मत के लिए जांच की मांग की है।


