
महराजगंज । जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा द्वारा दशहरा और आगामी पर्वों को सकुशल व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के दृष्टिगत परतावल बाजार में फ्लैग मार्च किया गया।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा परतावल बाजार में गोरखपुर–महराजगंज मार्ग पर फ्लैग मार्च कर लोगों को कानून व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया गया। जिलाधिकारी द्वारा पुलिस अधिकारियों को निरंतर भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्देशों के अनुपालन में कहीं भी ढिलाई न होने दें। सभी सम्बन्धित अधिकारियों को सतर्क व सक्रिय रहने का निर्देश दिया। पुलिस अधिकारियों को मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता रखने हेतु निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि शरारती तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करें। उन्होंने अधिकारियों को दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने विसर्जन रूटों को चिन्हित कर आवश्यक इंतजामों और पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था करने हेतु निर्देशित किया। पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था के दृष्टिगत आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने सोशल मीडिया व संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगाह रखने और क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर कानून व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित करवाने हेतु निर्देशित किया। कहा कि विसर्जन मार्गों का पुलिस अधिकारी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें।
