जीएसटी सुधारों से उपभोक्ताओं को मिली बड़ी राहत : केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी

महाराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को नगर स्थित वी-मार्ट बाजार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और उपभोक्ताओं से संवाद कर जीएसटी सुधारों के लाभ बताए। मंत्री का जगह-जगह गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने आम लोगों से मुलाकात कर गुलाब भेंट किया और केंद्र सरकार द्वारा किए गए सुधारों को ऐतिहासिक करार दिया।
केंद्रीय मंत्री के साथ मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने “घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार” तथा “गरीब हित में मोदी सरकार” जैसे नारे लगाए। माहौल पूरे समय उत्साहपूर्ण रहा।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने कर सुधार के क्षेत्र में अब तक के सबसे बड़े और साहसिक कदम उठाए हैं। जीएसटी दरों में कमी का सीधा फायदा गरीब, किसान, मध्यमवर्गीय और आम उपभोक्ताओं को मिला है। उन्होंने कहा कि सुबह उठने से लेकर रात में सोने तक जिन वस्तुओं का उपभोग किया जाता है, उनमें से अधिकांश पर कर भार घटा दिया गया है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले जिन वस्तुओं पर 18 प्रतिशत जीएसटी लिया जाता था, अब वह घटाकर मात्र 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इतना ही नहीं, कई आवश्यक वस्तुओं पर से जीएसटी पूरी तरह समाप्त कर दी गई है। भोजन, कपड़ा, दवा, जूते-चप्पल, स्कूल बैग, घरेलू उपयोग की सामग्री और छोटे व्यापारियों के लिए जरूरी कच्चे माल जैसी चीजें अब कम कीमत पर उपलब्ध हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जीएसटी सुधार केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनसे उपभोक्ताओं की जेब पर भी बोझ घटा है। छोटे कारोबारियों के लिए कर व्यवस्था सरल और पारदर्शी बनी है। व्यापारियों को जीएसटी रिटर्न दाखिल करने में अब ज्यादा आसानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जीएसटी में सुधार “केवल टैक्स सुधार” नहीं बल्कि “गरीब कल्याण” और “सबका साथ, सबका विकास” के संकल्प का हिस्सा है।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री से बातचीत की और सरकार द्वारा किए गए निर्णयों पर संतोष जताया। व्यापारियों ने कहा कि दरों में कमी से कारोबार में सुगमता बढ़ी है और ग्राहकों का विश्वास भी मजबूत हुआ है। उन्होंने बताया कि अब उपभोक्ता भी राहत महसूस कर रहे हैं क्योंकि जरूरी वस्तुएं सस्ती हुई हैं।
पंकज चौधरी ने आगे कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि कर प्रणाली और अधिक सरल, पारदर्शी और जनहितैषी बने। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुधारों का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और हर तबके के लिए सुविधाएं बढ़ती रहेंगी। उन्होंने कहा, “जीएसटी सुधारों के जरिये हमने न सिर्फ टैक्स को आसान बनाया है, बल्कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के जीवन को भी आसान किया है।”
केंद्रीय मंत्री के दौरे में नगरवासियों की भीड़ उमड़ी रही। लोग उनसे हाथ मिलाने और अपनी बातें साझा करने के लिए उत्सुक दिखे। इस अवसर पर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला महामंत्री बबलू यादव, प्रमुख प्रतिनिधि इंजीनियर विवेक गुप्ता, राम हरख गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ पटेल, सानंदन पटेल, नगर अध्यक्ष आकाश श्रीवास्तव सहित तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
