चक्करवा में चोरी की वारदात, लाखों के गहने और नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ ।
महराजगंज । बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चौका के टोला चक्करवा में बीती रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित राजू साहनी का परिवार बीती रात गांव में बिजली न होने के कारण छत पर सो रहा था। इसी बीच देर रात अज्ञात चोर घर के कमरे में घुसे और अंदर रखा बक्सा उठा ले गए। बताया जाता है कि इस बक्से में करीब 1 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के लाखों रुपये के गहने रखे थे।
सुबह जब परिवार के लोग छत से नीचे उतरे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा मिला और बक्सा गायब देखकर उनके होश उड़ गए। परिवार के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर इकट्ठा हुए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धानी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
धानी चौकी इंचार्ज आलोक राय ने बताया कि चोरी होने की जानकारी मिली है।अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुआ है पीड़ित की तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।


