भारत–नेपाल मैत्री महोत्सव का आयोजन 11 फरवरी को
महराजगंज । भारत नेपाल सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने और दोनों देशों की लोक कलाओं व लोक कलाकारों को प्रोत्साहित करने हेतु जवाहर लाल नेहरु स्मारक पी.जी. कॉलेज, महराजगंज में जिला प्रशासन महराजगंज और संस्कृति विभाग के सहयोग से भारत–नेपाल मैत्री महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में मुंबई की लोकप्रिय गायिका अनुपमा राग अपने गीतों से लोगों का मनोरंजन करेंगी। इसके अतिरिक्त महोत्सव के प्रमुख आकर्षण भारत-नेपाल लोकप्रिय गायन की प्रस्तुति, भारत-नेपाल के लोक नृत्यों की प्रस्तुति, सांस्कृतिक चित्र प्रदर्शनी और भारत-नेपाल सांस्कृतिक परिधान शो का आयोजन है। इसके अतिरिक्त महोत्सव में पर्यटन व्यू क्लिक ऑन स्पॉट फोटोग्राफी प्रतियोगिता, भारत-नेपाल फ्यूज़न बैण्ड, क्विज प्रतियोगिता सहित उत्तर प्रदेश के लोकरंग, व्यंजन एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। नृत्य नाटिका रघुनन्दन, समुद्रमंथनम् की भी प्रस्तुति महोत्सव की भी प्रस्तुति कलाकारों द्वारा दी जाएगी।
भारत नेपाल मैत्री महोत्सव 07 फरवरी 2025 को सिद्धार्थनगर से शुरू होगा। 11 फरवरी को महराजगंज में इसका आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत कुशीनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी से होकर पीलीभीत में 23 फरवरी को समाप्त होगा।