महराजगंज । जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम युवा योजना और ओडीओपी की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान का लाभ अधिकतम युवाओं को सुनिश्चित दिलाने हेतु आर–सेटी, आईटीआई और पॉलिटेक्निक सहित विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों में कैंप लगाकर इच्छुक युवाओं का आवेदन कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सीएम युवा योजना के तहत प्राप्त आवेदनों में प्राथमिकता के आधार पर ऋण वितरण का निर्देश दिया। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि सीएम युवा के आवेदनों में 15 दिन से अधिक लंबित मामलों की सूची बैंकवार तैयार कर प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने बैंक शाखाओं में सीएम युवा के लंबित आवेदनों को लेकर कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि सभी शाखाएं सीएम युवा सहित स्वरोजगारपरक योजनाओं में लंबित प्रकरणों में प्राथमिकता के आधार पर ऋण वितरण कराएं और सुनिश्चित करें कि बिना पुख्ता कारण के आवेदन निरस्त न हों। उन्होंने सभी बैंकों से निरस्त आवेदनों की सूची कारण सहित प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित आवेदनों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम युवा उद्यमी जैसी अहम योजना में हीलाहवाली कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सीएम युवा उद्यमी विकास अभियान में वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए लक्ष्य 1700 है, जिसके सापेक्ष विभिन्न बैंकों द्वारा कुल 1397 आवेदन स्वीकृत करते हुए 1321 मामलों में ऋण वितरण किया जा चुका है। जबकि 687 आवेदन स्वीकृति हेतु लंबित हैं और 144 आवेदन वितरण हेतु लंबित हैं।
बैठक में रामपुर बल्डीहा, घुघली में निर्माणाधीन सीएफसी के प्रगति की जानकारी ली। उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सीएफसी का कार्य प्रगति पर है और 10 मशीनों का इंस्टॉलेशन किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने कहा कि सीएफसी परियोजना बेहद अहम है और इसको सफल बनाना सबकी जिम्मेदारी है।
बैठक में उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


