गोआश्रय स्थलों का विशेष सचिव ने किया निरीक्षण

महराजगंज । जनपद में अवशेष निराश्रित गोवंश को शतप्रतिशत संरक्षित किये जाने तथा उनके भरण-पोषण के संबंध में किये जा रहे कार्यों के प्रभावी कियान्वयन एवं अनुश्रवण के संबंध में जनपद महराजगंज हेतु डॉ० हीरालाल विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उ०प्र० द्वारा जनपद के विभिन्न गोआश्रय स्थलों का निरीक्षण किया गया।
नोडल अधिकारी ने सबसे पहले कांजी हाउस सेमरा का निरीक्षण किया। उन्होंने कांजी हाउस की मरम्मत करवाने और अन्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। साथ ही भवन की दीवार पर सूचना पट्ट लगवाने का निर्देश दिया, जिसमे स्थापना वर्ष , कार्मिकों का विवरण व फोन नंबर सहित अन्य सूचनाओं को अंकित करवाने का निर्देश दिया। कांजी हाउस सेमरा में कुल 13 गोवंश संरक्षित थे। इसके उपरांत उन्होंने अस्थाई गोआश्रय स्थल चेहरी का निरीक्षण किया। यहां पर कुल 54 गोवंश संरक्षित थे, जिनके लिए पर्याप्त मात्रा में पशु आहार उपलब्ध था। सभी पशुओं के ठंड से बचाव हेतु भी जरूरी इंतजाम किए गए थे। गोआश्रय स्थल में उन्होंने वर्मीकंपोस्ट संयत्र को भी देखा। नोडल अधिकारी महोदय ने गोआश्रय स्थल की व्यवस्था पर प्रसन्नता व्यक्त की और ग्राम प्रधान को बधाई दिया। उन्होंने गोआश्रय स्थल में गोबर आधारित अन्य उत्पादों को बनाने और संयत्र की क्षमता को विस्तारित करने का निर्देश दिया।नोडल अधिकारी ने कहा कि पशुपालन केवल गोवंश तक अपने को सीमित न करे। बल्कि अन्य पशुओं जैसे बकरी, मुर्गी, सूअर आदि के संरक्षण और संवर्धन पर कार्य करे और इनपर आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ यू.एन. सिंह, बीडीओ सदर चंद्रशेखर कुशवाहा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।