
महराजगंज। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीणों को खुले में शौच से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन योजनाओं की हकीकत कई जगहों पर कागजों तक ही सीमित नजर आ रही है। विकास खंड बृजमनगंज के ग्राम पंचायत बभनी खुर्द में बना सामुदायिक शौचालय बदहाली का शिकार होकर कूड़े के ढेर में तब्दील हो चुका है।
ग्रामीणों के अनुसार शौचालय निर्माण के कुछ ही समय बाद जर्जर अवस्था में पहुंच गया, जिसके बाद इसे बंद कर दिया गया। न तो इसकी मरम्मत कराई गई और न ही साफ-सफाई एवं रख-रखाव की कोई व्यवस्था की गई। वर्तमान में स्थिति यह है कि शौचालय के चारों ओर कूड़ा जमा है और भवन पूरी तरह अनुपयोगी हो चुका है।
ग्राम निवासी मुस्तकीम, अब्दुल शमद, रमजान, रउफ, अब्दुल शमी सहित अन्य लोगों ने बताया कि सरकार ने शौचालय तो बनवा दिया, लेकिन उसके संचालन पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। मजबूरी में ग्रामीणों को फिर से खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है, जिससे स्वच्छता अभियान पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो स्वच्छ भारत मिशन की मंशा पूरी तरह विफल हो जाएगी।
इस संबंध में एडीओ पंचायत गुलाब पाठक ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सुनील पाण्डेय की रिपोर्ट

