मुख्य सेविका पद पर पदोन्नत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वितरण किया गया नियुक्ति पत्र।

महराजगंज। विकास भवन सभागार में आयोजित मुख्य सेविका नियुक्ति पत्र वितरण में विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया व विधायक फरेंदा वीरेन्द्र चौधरी द्वारा मुख्य सेविका पद पर पदोन्नत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया।नियुक्ति-पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मुख्यसेविका के पद पर प्रोन्नति की बधाई दी। उन्होंने कहा है कि सरकार नीति निर्धारण करती है। परन्तु आप जमीन पर उस नीति को क्रियान्वित करती हैं। गर्भवती महिलाओं के खान-पान, वजन माप सहित अन्य सेवाएं तथा शिशु के जन्म पश्चात पांच साल तक उन बच्चों की देखभाल में सहयोग करती हैं। शिशुओं को कुपोषण से बचाने तथा दुर्भाग्यवश कुपोषित होने पर पोषक भोज्यपदार्थ और दवा देने का कार्य भी हमारी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां करती हैं। इनके प्रयासों से बच्चों का जीवन स्वस्थ व खुशहाल बनता है। आपकी इन्ही सेवाओं के परिणामस्वरूप आज आपको सरकार द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकत्री से मुख्यसेविका के पद पर प्रोन्नति दी गई है।इसी प्रकार फरेन्दा विधायक वीरेन्द्र चौधरी ने भी अपने सम्बोधन में आंगनवाडी कार्यकत्रियों को 20-25 वर्षों तक समाज में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने और मुख्यसेविका पद पर प्रोन्नति पाने के लिए बधाई दिया। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में 09 आंगनवाडी कार्यकत्रियों को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पद पर अच्छा कार्य करने व निरन्तर सेवा के पश्चात मुख्य सेविका पद पर प्रोन्नति करते हुए नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। जिसमें फरेन्दा से 02 , पनियरा से 02 तथा सदर से 05 मुख्यसेविका पद हेतु गंगोत्री देवी, मीरा देवी, सुमित्रा श्रीवास्तव, चंद्रावती, उषा पाण्डेय, कालिंदी, विंध्यवासिनी, संजू व बरसाती देवी को चयनित किया गया है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सन्तोष कुमार राय, जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी फरेन्दा, परतावल व सदर सहित आंगनवाडी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।


